रविवार, 18 अक्टूबर 2026

देहरी-वैभव

पाई जो पदवी महान मुझको, तेरी मिली देहरी,
जागा भाग्य अहो जभी मिल गया, प्यारे कपाटों तले।
खोया रूप-विधान आज जब ही, पाया सुनिर्णाय को,
बैरागी बनके सदैव विचरूँ, सीमान्त-चौखट पै॥ १॥

वर्षों से मग को निहार तरसूँ, खोलें कपाटों प्रभो,
दीवारों पर ही सँजोय रखता, दीदार-सम्मान को।
माथे पै नति का प्रवाह सजता, आयू भरी साधना,
चूमूँ मैं सुख से कुशाग्र-कण को, तेरे कपाटों तले॥ २॥

ज्वाला भी जलती रही व्यथित ही, काँपे शिखा दीप की,
अंगारों पर रात-काल-भर ही, दीवा जगे यों तहाँ।
आया ना मन में विचार-अधुना, जाना हवेली-तले,
पाया वैभव पूर्ण ही चरण में, जो द्वार-सीमा रही॥ ३॥

स्वीकारा मन ने सदैव मनसा, धीरा मिले चित्त को,
सीखे आदर के विधान जब से, द्वारों सुगंधी भरे।
आई मारुत पालिनी सुरभिता, साधी दिशा-मोड़ से,
पाया है सुख धूलि में विमल ही, कान्ता-कपाटों तले॥ ४॥

निष्ठा देख जगे सभी गगन में, तारे प्रभा-युक्त हो,
आकाशों झुकता रहा चरण में, प्रासाद-सीमान्त पे।
खोया तुच्छ-शरीर वैभव मिला, वैकुण्ठ का धाम ही,
छूटेगा न कभी सु-पूत मन का, कान्ता-कपाटों-तले॥ ५॥

                                                       - भारमल गर्ग "विलक्षण"

शनिवार, 17 अक्टूबर 2026

आंगणै रौ विळाप

कदे इण आंगणै री माटी में
बाप-दादियां रै पसीनै री महक रमती,
अेक हुकारै माथै आखी भींत धूजती
अर मनवार रौ मोभ पक्को रैवतो।

आज उणी आंगणै री छाती चरड़-चरड़ फाटै
जांया-जणिया भाई अैहड़ा कुटिजै
जियां खळां में बाजरी रौ सींटो कुटीजै!
लहू सूं लहू रौ मोल नीं रयो,
सगा-स्वारथ अैहड़ा बिखर नै टूव्या
कै अबै उण काच री किरचां सूं
सिर्फ बैर री धार पिलाईजै।

अर ओ काल रौ काळियो टाबर
जिकण री छींक माथै कदे मायड़ धाबळ ढांकती,
वो आज मजलिस री गद्दी माथै बैठ
बडेरां री पगड़ी रो चीथड़ो उछाळै,
घर री आबरू नै चंवरां में फूंकी नै
आखी ओळ-पंक्ति नै नाश करै।

रात रौ अंधारो गाढो हुवै
अर दारू रौ नसो जद मगज में चवै,
तो पगां री थाप थरथराती
ओटो लांघ नै ख़ुद नै ‘ठाकर’ हमझै!
पण बावळै नै कुण बतावै-
कै भींत ढहायां कोई गढ़ नीं बणै,
अर अकल खोय नै ओरण लूटण आळो
ठाकर नीं, आपरी ई मसान रौ मुगताणो बणै।

ओ घर रो आंगणो
अबै कोई छांव नीं रयो,
ओ तो भायप री छाती माथै
हूक सूं उग्योड़ो
धधकतै अंगारां रो थळ बण गयो है।

                                               - भारमल गर्ग "विलक्षण"

तृष्णा-तरंग

ज्वाला-तप्त मरु-स्थली-तट खिंची जो धावती चेतना,
नेत्रों में धरि कान्ति-वारि-तरला आकांक्षिता कामना।
पाषाणोपम-देह-तप्त-खुर से छाती धरे धूलि में,
प्राणार्पण्य-विधान-पावन-कथा मिथ्या न माने हिया॥

दूरस्थी बन काँपती विवश-सी जो अश्रु-धारा पिए,
पीछे ही हटती विलोल-मनसा विश्वास टूटे नहीं।
इच्छा थी भर अंक में विकल को सौन्दर्य सारा लुटा,
किन्त्वाक्रूर-विधान-पाश-वशगा छाया रहे दूर ही॥

दौड़े सम्मुख ही निरंतर थके पाँवों न विश्राम है,
धूली-धूसर-गात्र-कम्प-सहिता निःश्वास-धारा बहे।
कण्ठे शोष हुआ, सुदीर्घ-नयने, दृष्टिर्विमुग्धा स्थिता,
पाने को उस रूप-धार-सलिला सर्वस्व हारा अहो॥

देखे रूप दिगन्त-तप्त-दिशि में जो काँपता-सा खड़ा,
सोचे पावन-भाव से निशि-दिवा संयोग होगा कभी।
लाखों योजन-फासले मिटन को तैय्यार बैठा हिया,
किन्तु व्योम-धरा-समान-विरहे सीमान्त-रेखा खिंची॥

छाया सोच रही मनोगत-दशा 'मैं क्यों बनी यातना',
आए जो ढिग सत्य-साधक कभी तो व्यर्थ हो साधना।
मेरा तो वपु ही न, केवल यहाँ आभा-तरंगें बहें,
सत्योद्घाटन-आँसु-धार-कण से कैसे उसे मैं कहूँ॥

काँपे दूर खड़ी विलोक्य विकला आवेगतो वेदना,
पीड़ा-पार-प्रवाह-मध्य सहसा संजायते यातना।
इच्छा थी बन वारि-वृष्टि घट-सी संताप सारा हरे,
किन्त्वाकाश-समान-रिक्त-पदवी कैसे सँवारे कभी॥

तीखे-पाँव-प्रहार-रेणु-कण भी अंगार-जैसे जले,
वक्षश्छेद-विछोह-वारि-लहरी-सङ्गे न पाँव टले।
दीर्घा दृष्टि-सुधा-विचार-सुगते नान्यत्र लीना सती,
प्राणार्पण्य-विधान-युक्त-गतिका निष्ठा-प्रतीको बने॥

जैसे-पास प्रयाति पाद-युगलं, तद्वत् परे जा रही,
क्रूरा काल-गति-प्रपंच-रचना रोती हठी जा रही।
छूने को कर जोड़ दौड़ पड़ता निष्पाप भोला-मना,
निश्छेष्टा मृदु-स्पर्श-हीन-गगने लीना स्थिता कल्पना॥

दोनों के उर-मूक-भाव-गहनं संसार ना जानतो,
एकै ध्येय-सचेत-वीर-गतिका वीर्यं यहाँ जागता।
दूजी की यह आत्म-दान-गरिमा बाष्पं निरुध्या स्थिता,
श्रद्धा-बन्ध-विनाश-भीरु-मनसा पश्चात् स्थिता सर्वथा॥

नाहीं स्वार्थ-कलङ्क-पङ्क-लव भी, नाहीं कपूता मति,
द्वौ चित्तौ सम-भाव-लीन-हृदयौ सींचे महा-वेदना।
तप्ता वालु-धरा बनी सु-यजनं, व्योमान्तराले ततम्,
यज्ञे आत्म-हविः-समान-घुटता दोनों मनों का मना॥

गात्रे क्लान्ति-दशा शनैः प्रसरती, कालोऽवसाने गतः,
काँपे दूर-विभावरी-रुचिरता, नेत्रे निमीलोद्गता।
शीर्षं वालु-तले निधाय सहसा स्मृत्वा पुकारा तदा,
कम्पेनापि विषाद-वारि-कणिका-सिक्ता दिगन्तास्तथा॥

प्राण-व्रात-विछोह-तन्तु-दलने शून्ये विलीना प्रभा,
नश्यन्त्येव विलोकते तदपि तां शीतां सु-साकारताम्।
दो निष्काम-वजूद-लीन-हृदये एकात्म-भावं गहे,
रेतीले तट-मौन-विस्तृत-पथे पावन्य-गाथा कहे॥

                                                      - भारमल गर्ग "विलक्षण"

सोमवार, 5 अक्टूबर 2026

गौहर

रोया दिल तो टपका पानी, अश्क नहीं था, सादा गौहर
तूने समझा आँसू केवल, हमने जाना टूटा गौहर
सन्नाटे के साए फैले, सहरा-सहरा भटके नैना
ढूँढ रहा है तनहा पंछी अपने दिल का पहला गौहर

कच्ची मिट्टी आग सहे जब, पक कर बासन बन जाता है
इंसाँ बनता ग़म को सह कर, तब मिलता है सच्चा गौहर
शाख़ों से जो पत्ता टूटे, मिट्टी में मिल गुम हो जाए
हमने खोया अपनी धुन में अपने घर का प्यारा गौहर

हर चेहरे पर पहरे बैठे, हर इक लब पर ताले लटके
झूठी बस्ती, काँच-महल में, बिकता देखा झूठा गौहर
क़ैदी पंछी रोए निस-दिन, पिंजरे की हर तीली रोई
दर्द जगा जब, ख़ूँ छलका तब, पलकों से फिर टपका गौहर

रेशम मख़मल ज़ेवर सारे फीके-फीके लगते हैं अब
रूठे जब सब अपने साथी, हमने माना फीका गौहर
धागे टूटे, नाता छूटा, साँसें टूटीं, आँगन टूटा
धूल भरी इस राह पे बिखरा बेबस-सा इक उजला गौहर

बन-बन भटकी भोली हिरनी, ढूँढ रही थी अपनी थाती
मन के बीहड़ में ही चमका हसरत का इक खोया गौहर
नफ़रत की जब आँधी डोले, बुझ जाते हैं सारे दीपक
प्यार बसा हो सीने में तो बच जाएगा अपना गौहर

हँस कर हमने ज़हर पिया जब, दुनिया ने समझा था शर्बत
सीने में जो शोला दहका, उसकी लौ से दमका गौहर
जग पूजे चमकीले पत्थर, सबको भाए कंकड़-पत्थर
गहरे सागर की छाती में चुप बैठा था तन्हा गौहर

साँसों की जब डोरी टूटे, माटी में मिल जाए माटी
जाने वाले की यादों का, छूटा जग में नन्हा गौहर
पंडित जी तू अपनी सोच अब, दुनिया के कहने में मत आ
जिस पत्थर को सबने फेंका, बन बैठा वो तेरा गौहर
 
                                                    - भारमल गर्ग "विलक्षण"

शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026

मेरे प्रांगण में विकीर्ण पारिजात पुष्प

प्रभात के प्रथम प्रहर में मेरी निद्रा सहसा भंग हो गई। वातायन के सूक्ष्म अंतराल से प्रविष्ट होती शीतल वायु अपने साथ एक अत्यंत परिचित सौरभ लेकर आई थी। वह सौरभ मात्र किसी पुष्प की गंध नहीं थी; वह स्मृति की गंध थी, विरह की गंध थी, उस प्रेम की गंध थी, जो अपने दृश्यमान रूप में भले ही विखंडित हो चुका था, किंतु जिसकी आत्मा अब भी मेरे अंतःकरण में अक्षुण्ण थी। मैंने धीरे-धीरे नेत्र उन्मीलित किए। प्रभात का आलोक अभी मृदु था। दिशाएँ मौन थीं। विहंगों का कलरव भी मानो निद्रा और जागरण के मध्य किसी सूक्ष्म सीमा पर ठहरा हुआ था। किंतु मेरे अंतःकरण में एक विचित्र स्पंदन था। किसी अज्ञात आकांक्षा का, किसी विस्मृत संवाद का, किसी ऐसे प्रश्न का, जिसका उत्तर समय के असंख्य प्रहर बीत जाने पर भी समाप्त नहीं हुआ था। ऐसा प्रतीत हुआ, मानो संपूर्ण रात्रि कोई अदृश्य सत्ता मेरे अंतर्मन के एकांत कक्ष में बैठी रही हो और किसी अधूरे संवाद के छूटे हुए शब्दों को पुनः जोड़ती रही हो। वहाँ पारिजात-वृक्ष के अधः पुष्प विकीर्ण पड़े थे। श्वेत, कोमल, श्रांत। रात्रि में वे प्रस्फुटित हुए, अपना संपूर्ण सौरभ वायु में विकीर्ण किया और प्रभात से पूर्व ही पृथ्वी पर पतित हो गए। उनका जीवन एक रात्रि का। किंतु उनका सौरभ संपूर्ण प्रांगण में व्याप्त। उस वायु में, उस भूमि में, उस शीतलता में, जो मेरे तन को स्पर्श कर रही थी। वे पुष्प मानो किसी अदृश्य हस्त से बिछाए गए हों। ऐसे बिछाए गए हों, जैसे कोई प्रियजन विदा होते समय अपनी स्मृति के चिह्न छोड़ जाता है। उन पुष्पों को धरा पर पड़े देखकर मुझे तुम्हारे वे शब्द स्मरण हो आए, महादेवी, जो तुमने उस सायंकाल कहे थे। तुमने कहा था, “देखो, ये पुष्प कितने सुंदर हैं, किंतु कितने अल्पजीवी। खिलते हैं, महकते हैं और झर जाते हैं। क्या हम भी ऐसे ही होंगे?” तुम्हारे वे शब्द आज भी मेरे अंतःकरण में प्रतिध्वनित होते हैं। मानो तुमने अभी कहे हों। मानो तुम अभी इसी वृक्ष के अधः बैठी हो, अंजुलि में पुष्प समेटती हुई। स्मरण हो आया उस सायंकाल का, जब हम दोनों इसी वृक्ष के अधः बैठे थे। पुष्प झर रहे थे और तुम उन्हें अपनी अंजुलि में समेट रही थीं। तुम्हारी अंजुलि छोटी, किंतु तुम्हारा हृदय बड़ा। इतना बड़ा कि उसमें संपूर्ण प्रांगण का सौरभ समा सकता था। मैंने तुम्हारे नेत्रों में देखा। उन नेत्रों में वह प्रश्न था, जिसका उत्तर मैं आज तक देता आ रहा हूँ। मैंने कहा, “तब हम पुष्प न बनें। पुष्प टूट जाते हैं, झर जाते हैं, पृथ्वी पर पड़े रह जाते हैं और कालांतर में उनका अस्तित्व ही विलीन हो जाता है। हम सौरभ बनें। हम वायु में तैरने वाली सुगंध बनें, जो पुष्प के पतित हो जाने के अनंतर भी शेष रहती है। जिसे कोई ऋतु बाँध न सके, कोई पतझड़ मिटा न सके, कोई दूरी छीन न सके।” तुम हँसी। तुम्हारी हँसी में जो सौरभ था, वह आज भी मेरे भीतर कहीं सुरक्षित है। वह हँसी मानो किसी मंदिर की घंटिका थी, जिसका नाद समाप्त हो जाता है, किंतु गूँज शेष रहती है। आज भी जब मैं प्रांगण में आता हूँ, तब मुझे वह गूँज सुनाई देती है। मंद, मधुर और अपरिचित नहीं। हमने उस दिन यह भी कहा कि हमारा प्रेम पुष्प के समान अल्पजीवी नहीं होगा। हमारा प्रेम सौरभ बनेगा। ऐसा सौरभ, जिसे कोई ऋतु नहीं बाँध सकती, कोई पतझड़ नहीं मिटा सकता, कोई दूरी नहीं छीन सकती। हमने कहा कि यदि कभी हमारे मार्ग पृथक हो भी जाएँ, तो भी हमारा प्रेम वायु में तैरता रहेगा। अदृश्य, किंतु अनुभवनीय। हमने कहा कि पुष्प की सुंदरता उसके रंग में नहीं, उसके सौरभ में है। और सौरभ को कोई बंद नहीं कर सकता, कोई कैद नहीं कर सकता, कोई सीमा नहीं बाँध सकती। किंतु महादेवी, तुम गमन कर गईं। तुम प्रत्यागमन नहीं चाहतीं। हमारा प्रेम टूट गया। उस पुष्प के समान, जो अधिक समय तक शाखा पर नहीं टिक पाता। टूटना भी एक सत्य, महादेवी। और उस टूटन को स्वीकार करना भी एक साहस। मैंने उस साहस को स्वीकार किया। किंतु उस सौरभ को नहीं छोड़ा, जो तुमने मुझे दिया। तथापि, आज प्रातः जब मैंने उन पतित पुष्पों को विकीर्ण देखा, तब मुझे बोध हुआ कि हमारा प्रेम पुष्प नहीं। वह सौरभ। वह पुष्प तो टूट गया, किंतु उसकी सुगंध आज भी मेरे प्रांगण में, मेरे श्वासों में, मेरे प्रत्येक प्रभात में उपस्थित है। वह कभी नहीं मिटी और वह कभी नहीं मिटेगी। यह सौरभ ही है, जो मुझे प्रत्येक प्रातः उठने की शक्ति देता है। यह सौरभ ही है, जो मुझे स्मरण कराता है कि कुछ प्रेम पूर्ण होकर नहीं, अपूर्ण होकर भी पूर्ण होते हैं। कुछ प्रेम टूटकर भी अटूट रहते हैं। मैंने झुककर एक पुष्प उठाया। वह शीतल, कोमल, किंतु उसमें अब वह सौरभ नहीं था। सौरभ तो वायु में बिखर चुका था। मैंने उसे पुनः भूमि पर रख दिया। कुछ वस्तुएँ उठाने के लिए नहीं होतीं। कुछ स्मृतियाँ समेटने के लिए नहीं होतीं। वे विकीर्ण रहने में ही सुंदर होती हैं। वे बिखरी रहकर ही अपनी उपस्थिति का बोध कराती हैं। मैं प्रांगण में स्थित रहा। सूर्य उदित हुआ, प्रकाश बढ़ा और पारिजात की शाखाएँ निर्जन हो गईं। किंतु वायु में अद्यापि वह सौरभ तैर रहा था। मंद, मधुर और अक्षय। मैंने अपने नेत्र बंद किए और उस सौरभ को अनुभव किया। उस सौरभ में तुम थीं, महादेवी। तुम्हारी हँसी, तुम्हारा स्वर, तुम्हारे हाथों का स्पर्श, तुम्हारी अंजुलि में समेटे हुए पुष्प। सब कुछ। संपूर्ण तुम। मैंने स्वयं से कहा, महादेवी, हम पुष्प नहीं बने। हम सौरभ बने। और सौरभ को कोई पतझड़ नहीं छू सकता। सौरभ को कोई दूरी नहीं बाँध सकती। सौरभ को कोई काल नहीं मिटा सकता। आज भी जब प्रातः मेरी निद्रा भंग होती है, मैं प्रांगण में आता हूँ और उन विकीर्ण पुष्पों को देखता हूँ। वे मुझे स्मरण कराते हैं कि जो टूट गया, वह प्रेम नहीं। वह केवल पुष्प। प्रेम तो उसकी सुगंध है, और वह अद्यापि यहाँ है। मेरे प्रांगण में। मेरे भीतर। मेरे प्रत्येक प्रभात में। मेरे प्रत्येक श्वास में। कभी-कभी मैं सोचता हूँ, यदि तुम लौट आओ, महादेवी, तो क्या कहूँगा? क्या तुमसे यह कहूँगा कि देखो, हमारा प्रेम टूट गया? नहीं। मैं तुमसे यह कहूँगा कि देखो, हमारा प्रेम पुष्प नहीं। वह सौरभ। और सौरभ कभी नहीं टूटता। वह केवल वायु में घुल जाता है। अदृश्य होकर भी सर्वत्र उपस्थित। किंतु तुम नहीं लौटोगी। और मैं प्रतीक्षा नहीं करूँगा। क्योंकि प्रतीक्षा भी एक पुष्प है, जो खिलती है और झर जाती है। मैं तो सौरभ बनूँगा। मैं उस सौरभ के साथ जीऊँगा, जो तुमने मुझे दिया। अपने आगमन से, अपने सान्निध्य से, अपने प्रेम से। यह सौरभ मेरा जीवन है। यह सौरभ मेरी स्मृति है। यह सौरभ मेरा प्रेम है। जो टूटकर भी टूटा नहीं। जो जाकर भी गया नहीं। जो मिटकर भी मिटा नहीं। मेरे प्रांगण में पारिजात के पुष्प अद्यापि विकीर्ण रहते हैं। मैं उन्हें समेटता नहीं। वे मुझे स्मरण कराते हैं कि जीवन अल्पकालिक है, किंतु उसका सौरभ दीर्घकालिक। प्रेम अल्पकालिक हो सकता है, किंतु उसका सौरभ शाश्वत। और यही सौरभ मुझे जीवन देता है। प्रत्येक प्रभात में, प्रत्येक पुष्प में, प्रत्येक स्मृति में।
                           - भारमल गर्ग "विलक्षण"
                              - सांचौर (राजस्थान)

देहरी-वैभव

पाई जो पदवी महान मुझको, तेरी मिली देहरी, जागा भाग्य अहो जभी मिल गया, प्यारे कपाटों तले। खोया रूप-विधान आज जब ही, पाया सुनिर्णाय को, बैरागी ब...