शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026

मेरे प्रांगण में विकीर्ण पारिजात पुष्प

प्रभात के प्रथम प्रहर में मेरी निद्रा सहसा भंग हो गई। वातायन के सूक्ष्म अंतराल से प्रविष्ट होती शीतल वायु अपने साथ एक अत्यंत परिचित सौरभ लेकर आई थी। वह सौरभ मात्र किसी पुष्प की गंध नहीं थी; वह स्मृति की गंध थी, विरह की गंध थी, उस प्रेम की गंध थी, जो अपने दृश्यमान रूप में भले ही विखंडित हो चुका था, किंतु जिसकी आत्मा अब भी मेरे अंतःकरण में अक्षुण्ण थी। मैंने धीरे-धीरे नेत्र उन्मीलित किए। प्रभात का आलोक अभी मृदु था। दिशाएँ मौन थीं। विहंगों का कलरव भी मानो निद्रा और जागरण के मध्य किसी सूक्ष्म सीमा पर ठहरा हुआ था। किंतु मेरे अंतःकरण में एक विचित्र स्पंदन था। किसी अज्ञात आकांक्षा का, किसी विस्मृत संवाद का, किसी ऐसे प्रश्न का, जिसका उत्तर समय के असंख्य प्रहर बीत जाने पर भी समाप्त नहीं हुआ था। ऐसा प्रतीत हुआ, मानो संपूर्ण रात्रि कोई अदृश्य सत्ता मेरे अंतर्मन के एकांत कक्ष में बैठी रही हो और किसी अधूरे संवाद के छूटे हुए शब्दों को पुनः जोड़ती रही हो। वहाँ पारिजात-वृक्ष के अधः पुष्प विकीर्ण पड़े थे। श्वेत, कोमल, श्रांत। रात्रि में वे प्रस्फुटित हुए, अपना संपूर्ण सौरभ वायु में विकीर्ण किया और प्रभात से पूर्व ही पृथ्वी पर पतित हो गए। उनका जीवन एक रात्रि का। किंतु उनका सौरभ संपूर्ण प्रांगण में व्याप्त। उस वायु में, उस भूमि में, उस शीतलता में, जो मेरे तन को स्पर्श कर रही थी। वे पुष्प मानो किसी अदृश्य हस्त से बिछाए गए हों। ऐसे बिछाए गए हों, जैसे कोई प्रियजन विदा होते समय अपनी स्मृति के चिह्न छोड़ जाता है। उन पुष्पों को धरा पर पड़े देखकर मुझे तुम्हारे वे शब्द स्मरण हो आए, महादेवी, जो तुमने उस सायंकाल कहे थे। तुमने कहा था, “देखो, ये पुष्प कितने सुंदर हैं, किंतु कितने अल्पजीवी। खिलते हैं, महकते हैं और झर जाते हैं। क्या हम भी ऐसे ही होंगे?” तुम्हारे वे शब्द आज भी मेरे अंतःकरण में प्रतिध्वनित होते हैं। मानो तुमने अभी कहे हों। मानो तुम अभी इसी वृक्ष के अधः बैठी हो, अंजुलि में पुष्प समेटती हुई। स्मरण हो आया उस सायंकाल का, जब हम दोनों इसी वृक्ष के अधः बैठे थे। पुष्प झर रहे थे और तुम उन्हें अपनी अंजुलि में समेट रही थीं। तुम्हारी अंजुलि छोटी, किंतु तुम्हारा हृदय बड़ा। इतना बड़ा कि उसमें संपूर्ण प्रांगण का सौरभ समा सकता था। मैंने तुम्हारे नेत्रों में देखा। उन नेत्रों में वह प्रश्न था, जिसका उत्तर मैं आज तक देता आ रहा हूँ। मैंने कहा, “तब हम पुष्प न बनें। पुष्प टूट जाते हैं, झर जाते हैं, पृथ्वी पर पड़े रह जाते हैं और कालांतर में उनका अस्तित्व ही विलीन हो जाता है। हम सौरभ बनें। हम वायु में तैरने वाली सुगंध बनें, जो पुष्प के पतित हो जाने के अनंतर भी शेष रहती है। जिसे कोई ऋतु बाँध न सके, कोई पतझड़ मिटा न सके, कोई दूरी छीन न सके।” तुम हँसी। तुम्हारी हँसी में जो सौरभ था, वह आज भी मेरे भीतर कहीं सुरक्षित है। वह हँसी मानो किसी मंदिर की घंटिका थी, जिसका नाद समाप्त हो जाता है, किंतु गूँज शेष रहती है। आज भी जब मैं प्रांगण में आता हूँ, तब मुझे वह गूँज सुनाई देती है। मंद, मधुर और अपरिचित नहीं। हमने उस दिन यह भी कहा कि हमारा प्रेम पुष्प के समान अल्पजीवी नहीं होगा। हमारा प्रेम सौरभ बनेगा। ऐसा सौरभ, जिसे कोई ऋतु नहीं बाँध सकती, कोई पतझड़ नहीं मिटा सकता, कोई दूरी नहीं छीन सकती। हमने कहा कि यदि कभी हमारे मार्ग पृथक हो भी जाएँ, तो भी हमारा प्रेम वायु में तैरता रहेगा। अदृश्य, किंतु अनुभवनीय। हमने कहा कि पुष्प की सुंदरता उसके रंग में नहीं, उसके सौरभ में है। और सौरभ को कोई बंद नहीं कर सकता, कोई कैद नहीं कर सकता, कोई सीमा नहीं बाँध सकती। किंतु महादेवी, तुम गमन कर गईं। तुम प्रत्यागमन नहीं चाहतीं। हमारा प्रेम टूट गया। उस पुष्प के समान, जो अधिक समय तक शाखा पर नहीं टिक पाता। टूटना भी एक सत्य, महादेवी। और उस टूटन को स्वीकार करना भी एक साहस। मैंने उस साहस को स्वीकार किया। किंतु उस सौरभ को नहीं छोड़ा, जो तुमने मुझे दिया। तथापि, आज प्रातः जब मैंने उन पतित पुष्पों को विकीर्ण देखा, तब मुझे बोध हुआ कि हमारा प्रेम पुष्प नहीं। वह सौरभ। वह पुष्प तो टूट गया, किंतु उसकी सुगंध आज भी मेरे प्रांगण में, मेरे श्वासों में, मेरे प्रत्येक प्रभात में उपस्थित है। वह कभी नहीं मिटी और वह कभी नहीं मिटेगी। यह सौरभ ही है, जो मुझे प्रत्येक प्रातः उठने की शक्ति देता है। यह सौरभ ही है, जो मुझे स्मरण कराता है कि कुछ प्रेम पूर्ण होकर नहीं, अपूर्ण होकर भी पूर्ण होते हैं। कुछ प्रेम टूटकर भी अटूट रहते हैं। मैंने झुककर एक पुष्प उठाया। वह शीतल, कोमल, किंतु उसमें अब वह सौरभ नहीं था। सौरभ तो वायु में बिखर चुका था। मैंने उसे पुनः भूमि पर रख दिया। कुछ वस्तुएँ उठाने के लिए नहीं होतीं। कुछ स्मृतियाँ समेटने के लिए नहीं होतीं। वे विकीर्ण रहने में ही सुंदर होती हैं। वे बिखरी रहकर ही अपनी उपस्थिति का बोध कराती हैं। मैं प्रांगण में स्थित रहा। सूर्य उदित हुआ, प्रकाश बढ़ा और पारिजात की शाखाएँ निर्जन हो गईं। किंतु वायु में अद्यापि वह सौरभ तैर रहा था। मंद, मधुर और अक्षय। मैंने अपने नेत्र बंद किए और उस सौरभ को अनुभव किया। उस सौरभ में तुम थीं, महादेवी। तुम्हारी हँसी, तुम्हारा स्वर, तुम्हारे हाथों का स्पर्श, तुम्हारी अंजुलि में समेटे हुए पुष्प। सब कुछ। संपूर्ण तुम। मैंने स्वयं से कहा, महादेवी, हम पुष्प नहीं बने। हम सौरभ बने। और सौरभ को कोई पतझड़ नहीं छू सकता। सौरभ को कोई दूरी नहीं बाँध सकती। सौरभ को कोई काल नहीं मिटा सकता। आज भी जब प्रातः मेरी निद्रा भंग होती है, मैं प्रांगण में आता हूँ और उन विकीर्ण पुष्पों को देखता हूँ। वे मुझे स्मरण कराते हैं कि जो टूट गया, वह प्रेम नहीं। वह केवल पुष्प। प्रेम तो उसकी सुगंध है, और वह अद्यापि यहाँ है। मेरे प्रांगण में। मेरे भीतर। मेरे प्रत्येक प्रभात में। मेरे प्रत्येक श्वास में। कभी-कभी मैं सोचता हूँ, यदि तुम लौट आओ, महादेवी, तो क्या कहूँगा? क्या तुमसे यह कहूँगा कि देखो, हमारा प्रेम टूट गया? नहीं। मैं तुमसे यह कहूँगा कि देखो, हमारा प्रेम पुष्प नहीं। वह सौरभ। और सौरभ कभी नहीं टूटता। वह केवल वायु में घुल जाता है। अदृश्य होकर भी सर्वत्र उपस्थित। किंतु तुम नहीं लौटोगी। और मैं प्रतीक्षा नहीं करूँगा। क्योंकि प्रतीक्षा भी एक पुष्प है, जो खिलती है और झर जाती है। मैं तो सौरभ बनूँगा। मैं उस सौरभ के साथ जीऊँगा, जो तुमने मुझे दिया। अपने आगमन से, अपने सान्निध्य से, अपने प्रेम से। यह सौरभ मेरा जीवन है। यह सौरभ मेरी स्मृति है। यह सौरभ मेरा प्रेम है। जो टूटकर भी टूटा नहीं। जो जाकर भी गया नहीं। जो मिटकर भी मिटा नहीं। मेरे प्रांगण में पारिजात के पुष्प अद्यापि विकीर्ण रहते हैं। मैं उन्हें समेटता नहीं। वे मुझे स्मरण कराते हैं कि जीवन अल्पकालिक है, किंतु उसका सौरभ दीर्घकालिक। प्रेम अल्पकालिक हो सकता है, किंतु उसका सौरभ शाश्वत। और यही सौरभ मुझे जीवन देता है। प्रत्येक प्रभात में, प्रत्येक पुष्प में, प्रत्येक स्मृति में।
                           - भारमल गर्ग "विलक्षण"
                              - सांचौर (राजस्थान)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

देहरी-वैभव

पाई जो पदवी महान मुझको, तेरी मिली देहरी, जागा भाग्य अहो जभी मिल गया, प्यारे कपाटों तले। खोया रूप-विधान आज जब ही, पाया सुनिर्णाय को, बैरागी ब...