रोया दिल तो टपका पानी, अश्क नहीं था, सादा गौहर
तूने समझा आँसू केवल, हमने जाना टूटा गौहर
सन्नाटे के साए फैले, सहरा-सहरा भटके नैना
ढूँढ रहा है तनहा पंछी अपने दिल का पहला गौहर
कच्ची मिट्टी आग सहे जब, पक कर बासन बन जाता है
इंसाँ बनता ग़म को सह कर, तब मिलता है सच्चा गौहर
शाख़ों से जो पत्ता टूटे, मिट्टी में मिल गुम हो जाए
हमने खोया अपनी धुन में अपने घर का प्यारा गौहर
हर चेहरे पर पहरे बैठे, हर इक लब पर ताले लटके
झूठी बस्ती, काँच-महल में, बिकता देखा झूठा गौहर
क़ैदी पंछी रोए निस-दिन, पिंजरे की हर तीली रोई
दर्द जगा जब, ख़ूँ छलका तब, पलकों से फिर टपका गौहर
रेशम मख़मल ज़ेवर सारे फीके-फीके लगते हैं अब
रूठे जब सब अपने साथी, हमने माना फीका गौहर
धागे टूटे, नाता छूटा, साँसें टूटीं, आँगन टूटा
धूल भरी इस राह पे बिखरा बेबस-सा इक उजला गौहर
बन-बन भटकी भोली हिरनी, ढूँढ रही थी अपनी थाती
मन के बीहड़ में ही चमका हसरत का इक खोया गौहर
नफ़रत की जब आँधी डोले, बुझ जाते हैं सारे दीपक
प्यार बसा हो सीने में तो बच जाएगा अपना गौहर
हँस कर हमने ज़हर पिया जब, दुनिया ने समझा था शर्बत
सीने में जो शोला दहका, उसकी लौ से दमका गौहर
जग पूजे चमकीले पत्थर, सबको भाए कंकड़-पत्थर
गहरे सागर की छाती में चुप बैठा था तन्हा गौहर
साँसों की जब डोरी टूटे, माटी में मिल जाए माटी
जाने वाले की यादों का, छूटा जग में नन्हा गौहर
पंडित जी तू अपनी सोच अब, दुनिया के कहने में मत आ
जिस पत्थर को सबने फेंका, बन बैठा वो तेरा गौहर
- भारमल गर्ग "विलक्षण"

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें