गुरुवार, 24 सितंबर 2026

रागरंग


काली ज़ुल्फ़ों की छाँवों को ठंडी सबा लिखना
काँपे होंठ हमारे तो तुम नाज़-ओ-अदा लिखना

जब तुम हँसते हो बगिया में फूल खिलेंगे
जब तुम पास रहोगे सारे दर्द मिटेंगे
जब भी नैन तुम्हारे नैनों बीच मिलेंगे
मेरी इस ख़ामोशी को तुम साज़-ए-नवा लिखना

झेलम की लहरों पर जैसे धूप तिरे है
सारे जग से छुप के अपनी रात फिरे है
काले-काले बादल से बरसात गिरे है
ठंडे पानी पे भी तुम इक अहद-ए-वफ़ा लिखना

सर्द हवा जब छू कर गुज़रे काँप उठे तन
तेरी बाहों में आ कर ही महके ये जीवन
आने से ही तेरे महके सूना आँगन
माँग अगर भीगे तो मेरा नूर-ए-ज़िया लिखना
हाथ पकड़ कर जब तुम मुझको पास बिठाओ
मीठी बातें कर के दिल का हाल सुनाओ
सारे रंज मिटा कर अपनी प्रीत निभाओ
पाँवों की मिट्टी को तुम इक गर्द-ए-सफ़ा लिखना

काँच की चूड़ी खनकी गोरी बाँह हमारी
आँगन उतरी देखो रूप-सुहाग पिटारी
हमने तुम पर वार दी अपनी जान ये सारी
आरिज़ की लाली को मेरा रंग-ए-हिना लिखना

दूर पपीहा बोले जब घनघोर घटा में
बिजली कौंध उठी हो जब भी सर्द हवा में
भीगे मन की प्यास जगे जब इश्क़-फ़ज़ा में
दिल की हर धड़कन को मेरी तिश्ना-फ़ज़ा लिखना
शबनम की बूँदों जैसा जब रूप सँवारे
रात ढले तो जगमग करते अंबर तारे
हम दोनों ही हार गए हैं ख़ुद को प्यारे
आँखों के आईने को तुम जाम-ए-बक़ा लिखना

सुलगे कांगड़ी जब आँगन में धूप खिली हो
जैसे दो रूहों की पावन बात चली हो
प्यार के धागे से जब अपनी डोर मिली हो
हर इक लम्हे को चाहत की मीठी दवा लिखना

उम्र गुज़र जाए पर साथी साथ न छूटे
सच्चा प्यार हमारा साथी डोर न टूटे
सारे लोग हमारे हम से आज ही रूठें
भीगी साँसों पे भी तुम इक नाम-ए-ख़ुदा लिखना

- भारमल गर्ग "विलक्षण"
- सांचौर "राजस्थान"

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

देहरी-वैभव

पाई जो पदवी महान मुझको, तेरी मिली देहरी, जागा भाग्य अहो जभी मिल गया, प्यारे कपाटों तले। खोया रूप-विधान आज जब ही, पाया सुनिर्णाय को, बैरागी ब...